
गुरुग्राम, गौरव गर्ग । नगर निगम चुनावों को लेकर बुधवार को हरियाणा कांग्रेस के सहप्रभारी जितेंद्र बघेल ने यहां कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में उन्होंने निगम चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा की। सभी को एकजुट रहते हुए चुनाव में मेहनत करने का उन्होंने संदेश दिया। बैठक में पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव, गुड़गांव जिला प्रभारी करण सिंह दलाल,पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, सहप्रभारी अशोक बुवानीवाला,सहप्रभारी राजा राम,शहरी चुनाव प्रभारी पंकज डावर, ग्रामीण प्रभारी वीरेंद्र यादव बिल्लू, वर्धन यादव, मोहित मदन लाल ग्रोवर, पर्ल चौधरी, सुनीता वर्मा, सुधीर चौधरी, सुनीता सहरावत, मनीष खटाना, निशित कटारिया,कृष्ण सैनी समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। हरियाणा कांग्रेस सहप्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर कांग्रेस ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं की मेहनत अब नगर निगम चुनावों में भी नजर आएगी। उन्होंने कहा कि हम सब को पहले की तरह एकजुट रहते हुए नगर निगम चुनावों में काम करना है। जिसे भी पार्टी प्रत्याशी बनाएगी, उसकी जीत के लिए हम सब काम करेंगे। जनता के बीच भारतीय जनता पार्टी की सरकार की नाकामियां हमें बतानी हैं। जनता का वोट हथियाने के लिए भाजपा ने हमेशा झूठे वादे किए हैं। चुनाव से पहले जनहितैषी बताने वाली भाजपा चुनावों के बाद जनता को ही तेवर दिखाती है।
बैठक में पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव लड़ना महत्वपूर्ण है। हम सभी को ऐसी मेहनत करनी है कि कांग्रेस के प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित हो। भाजपा सरकार में गुरुग्राम का बुरा हाल हो चुका है। ना तो सफाई हो पाती है और ना ही अन्य मूलभूत सुविधाएं सरकार उपलब्ध करा पा रही है। मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद भी यहां सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होता। अधिकारी सरकार पर हावी हैं। नगर निगम, जीएमडीए, जिला प्रशासन यहां काम करता है, इसके बाद भी यहां की सड़कें टूटी हैं। शहर बदहाल है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लग चुकी है, लेकिन गुरुग्राम शहर में भाजपा के नेताओं के हॉर्डिंग अवैध रूप से संकेत बोर्डों पर लगे हैं। संकेत बोर्डों पर जुर्माना लगाने की बात कहने वाले नगर निगम के अधिकारी सब कुछ देखकर अनदेखा कर रहे हैं। दूसरे नेताओं के बोर्ड तुरंत उतार दिए जाते हैं, लेकिन भाजपा नेताओं के बोर्ड एक-एक महीने तक लगे रहते हैं। ऐसी दोहरी नीति से नगर निगम काम कर रहा है।
गुड़गांव जिला प्रभारी करण सिंह दलाल ने कहा कि हरियाणा की जनता कांग्रेस के साथ है। गुरुग्राम व मानेसर नगर निगम में कांग्रेस जीत दर्ज करे, ऐसे प्रयास हमें करने हैं। कहा कि भाजपा राज में बढ़ी महंगाई, बेरोजगारी व अन्य समस्याओं को लेकर जनता के बीच हम जाएंगे। कांग्रेस के घोषणा पत्र को भी जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य जनसेवा का है। जनसेवा के रास्ते पर चलते हुए ही हम आगे बढ़ रहे हैं। झूठे वायदे भाजपा के डीएनए में हैं। कांग्रेस सच के मार्ग पर चलते हुए काम करती है।