
गुडग़ांव, गौरव गर्ग। जिला कांग्रेस एससी सैल के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष (शहरी) राजकुमार, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता वर्मा व प्रदेश सचिव करण लोहिया का शनिवार को भव्य स्वागत किया गया। कमान सराय स्थित कांग्रेस भवन में जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर व जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव की अध्यक्षता में आयोजित स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं ने सभी पदाधिकारियों को बधाई दी व फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसका वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के वे सच्चे सिपाही हैं। अपने पद की गरिमा रखते हुए संगठन को आगे बढ़ाएंगें। जिला अध्यक्ष शहरी पंकज डावर ने सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने आप में एक बहुत बड़ा संगठन है। देश के विकास में कांग्रेस का अहम योगदान रहा है। हम सबकी कड़ी मेहनत से संगठन और अधिक मजबूत हो, इस पर हमें काम करना है। कांग्रेस ने मजबूत संगठन खड़ा करने की पहल कर दी है। इस पहले में हम सबको जो संगठन ने जिम्मेदारी दी है, वह अपने आप में बड़ा सम्मान है। हमारा यही प्रयास रहना चाहिए कि हम अपने संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर आमजन में उस विश्वास को और गहरा करें, जो विश्वास प्रदेश की जनता ने संगठन में बीते चुनाव में दिखाया। आगे आने वाले चुनाव में कांगे्रस मजबूत सरकार बनाएगी। क्योंकि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार से जनता का मोहभंग हो चुका है। गुरुग्राम के खराब हालात जनता झेल रही है। हमें भाजपा सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करना है।
ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि शहर से लेकर गांव तक कांग्रेस का कुनबा बढ़ाने का हमारा सकारात्मक प्रयास है। इस प्रयास में संगठन से जुड़ा एक-एक कार्यकर्ता भागीदार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग हमसे जुड़ रहे हैं। हरियाणा ही नहीं, देश का भविष्य कांग्रेस है। इसलिए हमें मजबूती के साथ अभी से अपने काम में लग जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर से लेकर गांव तक भाजपा सरकार में बदहाली की भेंट चढ़ चुके हैं। जनता की हितैषी कांग्रेस ही है और विकास कांग्रेस ही कर सकती है।