
गुरुग्राम में रह रहे सभी बिहार के मतदाता चुनाव में जाने की तैयारी कर लें
गुरुग्राम, गौरव गर्ग । कांग्रेस के गुडग़ांव जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर ने रविवार को विजय पार्क व ज्योति पार्क क्षेत्र में बिहार के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने बिहार चुनाव में बिहार के मतदाताओं का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन को मजबूत बनाकर बिहार की मजबूत सरकार बनाएं, ताकि 20 साल से विकास की दौड़ में पिछड़ा बिहार आगे बढ़ाया जा सके।
पकंज डावर ने बिहार के हर तबके के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बिहार में जिनका वोट है वे भी और जिनका वोट नहीं है वे भी इस चुनाव में अपनी भूमिका निभाएं। जिनके वोट नहीं हैं, वो दूसरे वोटर्स को महागठबंधन को वोट देने की अपील करें। उन्होंने कहा कि चुनाव सच्चे विकास बनाम झूठे वायदों का भी है। जिस तरह से भाजपा ने जदयू के साथ मिलकर बिहार में राजनीति शुरू की है, वे वही लोग हैं जो एक-दूसरे को पसंद तक नहीं करते थे। इसी भाजपा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए अपने दरवाजे हमेशा के लिए बंद कर लिए थे। दो टूक शब्दों में कह दिया गया था कि भाजपा का जदयू से कोई नाता नहीं है। इसके बाद लोकसभा चुनाव में दोनों ही दलों ने अपनी कही बात को फिर जुमला साबित करके एक-दूसरे को गले लगा लिया। पंकज डावर ने कहा कि बिहार की जनता को यह ठीक से समझ जाना चाहिए कि वे लोग बिहार के विकास की बजाय अपना विकास करने के लिए चुनाव मैदान में हैं। भाजपा, जदयू सिर्फ सरकार बनाने के लिए छटपटा रहे हैं, जबकि महागठबंधन बिहार के विकास का मॉडल लेकर आया है।
कांग्रेस जिला शहरी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए किसी के साथ भी गठबंधन कर सकती है। फिर गठबंधन करने वाली पार्टी को सत्ता से हटाकर खुद आगे बढ़ जाती है। महाराष्ट्र में यह सबने देखा है। उन्होंने कहा कि आप सब बिहार के मेहनतकश लोग हैं। बिहार के इन नेताओं ने मजदूरों को मजदूर ही बनाकर रखा है। कोई ऐसे उद्योग नहीं लगाए गए, जिससे कि बिहार के लोगों को पलायन ना करना पड़े। बिहार को विकास के नाम पर सिर्फ सपने ही दिखाए गए। उन्होंने सवाल किया कि जो नीतीश कुमार बिहार के लोगों की अब दिखावे की चिंता कर रहे हैं, वे इतनी बार सरकार बना चुके हैं। उन्होंने अपनी सरकार में रोजगार, शिक्षा पर क्या किया है।
