
गुरुग्राम, गौरव गर्ग । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने कहा कि भाजपा के नेता द्वारा शांति नगर में निकाली गई तिरंगा यात्रा में पैरों तले तिरंगा झंडा गिराकर तिरंगे का घोर अपमान किया गया। तस्वीर में साफ नजर आ रहा है कि भाजपा नेता तो मुस्कुराकर तस्वीरें खिंचवा रहे हैं, जबकि तिरंगा उनके जूते के ऊपर पड़ा है। उनके साथ खड़े व्यक्ति का तो एक पांव ही तिरंगे पर है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा का यही देश प्रेम है।
पंकज डावर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर चलाकर सेना ने पाकिस्तान को धूल चटाने का काम किया। अपने देश और अपने तिरंगे की खातिर दुश्मन को घर में घुसकर मारा। उसी तिरंगे को भाजपा नेताओं के द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा में जमीन पर गिराकर धूल चटाई जा रही है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने कहा कि तिरंगे को जलाना, तिरंगे को फाडऩा, तिरंगे को जमीन पर गिराना आदि तिरंगे का अनादर करने की श्रेणी में आते हैं। कानून में यह लिखा है कि तिरंगे का अपमान करने पर राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा 2 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इसमें 3 साल तक की जेल या जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। इस अपराध में पुलिस बिना वारंट के आरोपी को गिरफ्तारी कर सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में तिरंगे का अपमान खुलकर हो रहा है। किसी न किसी बहाने अपने कार्यकर्ताओं और आमजन को तिरंगा अपनेे घरों, संस्थानों पर लगवाने के लिए भाजपा द्वारा विशेष अभियान चलाए जाते हैं। कुछ दिन बाद तिरंगों का अपमान साफ नजर आता है। कहीं पर तिंरगे फटे हुए ही फहराते नजर आते हैं तो कहीं जमीन पर तिरंगेे पड़े नजर आते हैं। इसलिए अब शासन, प्रशासन, पुलिस को तिरंंगे का अपमान करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करनी चाहिए।
डावर नेे कहा कि जो भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को अनुशासन सिखाती है तो इस तस्वीर पर भाजपा जवाब दे कि क्या यही अनुशासन सिखाया जाता है। तिरंगे का अपना सीधे राष्ट्र का अपमान है। पंकज डावर ने कहा कि भाजपा को इस तरह का राष्ट्र के अपमान का काम करने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ खुद ही कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस भी इस पर अपने स्तर पर संज्ञान ले। भाजपा को ऐसे कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज कराने के साथ ही पार्टी से भी बाहर करना चाहिए।