
सबका साथ सबका विकास का नाम लेकर भाजपा सरकार ने सबके साथ विश्वासघात किया – पंकज डावर

सूरत नगर की सरकार, अफसरों ने सुध नहीं ली तो लोगों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष को बुलाकर दिखाया कालोनी का बुरा हाल

गुरुग्राम, गौरव गर्ग । सूरत नगर क्षेत्रवासियों के बुलावे पर गुडग़ांव कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने रविवार को वहां का दौरा किया। गलियों में भरे गंदे पानी में कार्यकर्ताओं के साथ चलकर उन्होंने भाजपा सरकार के विकास के दावों की पोल खोली। उन्होंने कहा कि सूरत नगर में बारिश हो या ना हो, लेकिन वहां की गलियों में जलभराव हमेशा रहता है। सूरत नगर की सूरत पूरे साल बदसूरत ही रहती है। यहां सीवरेज हर समय ओवरफ्लो होते रहते हैं।
इस दौरान पंकज डावर ने कहा कि वे तो जनता की इस समस्या को उठाने के लिए आए हैं, लेकिन सूरत नगर क्षेत्र के लोग रोजाना 24 घंटे इस गंदे पानी से निकलने को मजबूर होते हैं। गंदा पानी यहां जी का जंजाल बन चुका है। सबसे बड़ी बात यह कि यहां के युवाओं के लिए रिश्ते आने तो बंद हो गए हैं। घर के बुजुर्ग घर में कैद हो गए हैं। वे घूम-फिर भी नहीं सकते। बच्चों को स्कूल आने-जाने में इसी गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता है। पंकज डावर ने कहा कि यह सरकार की नाकामी और प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है। लोगों का जीवन नरक से भी बदतर बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि अपनी बैठकों में और जनता के साथ सभाओं में विकास की बात करने वाले भाजपा नेता, भाजपा के विधायक, मंत्री शहर की किसी भी कालोनी का दौरा करें, हम उनके साथ चलने को तैयार हैं। उन्हें पता चल जाएगा कि गुडग़ांव की जनता कितनी दिक्कतें झेल रही हैं। कितनी खराब स्थिति है कि लोग अपने काम-धंधे छोडक़र यहां से गंदा पानी निकलवाने, कूड़ा उठवाने के लिए जूझते रहते हैं। किसी भी समस्या का समाधान सरकार और प्रशासन नहीं कर पा रहा है। नगर निगम समस्याएं खत्म करने के झूठे दावे करता है। अपने आकाओं को दिखाने के लिए अधिकारी काम का दिखावा करते हैं।
पंकज डावर ने कहा कि शहर के ऐसे खराब हालात हो गए हैं कि यहां जानवर भी रहना पसंद नहीं करेंगे। पिछले 11 साल में भाजपा की सरकार ने हालात बद से बदतर कर दिए हैं। सरकार ने गुडग़ांव की जनता के साथा धोखा, विश्वासघात किया है। यह सबका साथ सबका विकास नहीं, सबके साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को गुडग़ांव आने पर शहर के हालातों का जायजा लेने का अनुरोध मीडिया के माध्यम से किया गया था। सीएम यहां रात को भी रुके और अगले पूरे दिन यहां पर रहे। उन्होंने अपने कार्यक्रमों में भाग लेने के अलावा गुडग़ांव की जनता की समस्याएं जानने की हिम्मत नहीं जुटाई। इसका सीधा कारण यही है कि सीएम गुडग़ांव की समस्याएं देखने से इस बात से डर रहे हैं कि कहीं जनता उनसे जवाब ना मांग ले। इसलिए उन्होंने शहर में निकलना सही नहीं समझा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि भाजपा सरकार में कोई मंत्री, भाजपा का कोई नेता शहर में समस्याएं देखने के लिए नहीं निकलता। गुडग़ांव की समस्याओं के समाधान की पैरवी सरकार से नहीं करता। गुडग़ांव को सिर्फ लूटने का काम किया जा रहा है। यहां के विकास के नाम पर झूठे और हवाई दावे किए जा रहे हैं।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुलराज कटारिया,राष्ट्रीय महासचिव ओबीसी राहुल यादव,अधिवक्ता सूबे सिंह यादव, पूर्व मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक यादव, विनोद गहलोत,धर्मेंद्र मिश्रा, पवन चौधरी,अमित कोचर, भोले गुज्जर, नरेश वशिष्ठ, सतवंती नेहरा, मुकेेश सिंगला, अमन कौशिक, कुलदीप बड़गुजर,अमित शर्मा, शुभम शर्मा, रोहित मदान, मनोज आहुजा, नरेश यादव, श्याम लाल बामनिया, अमित बोहत, रविराज उजीनवाल, शिव प्रताप, शमीम खान, अनिल भामाशाह, चुन्नीलाल, मोहित यादव, मोनू वाल्मीकि, राकेश तंवर व बबलू आदि ने सरकार और प्रशासन से सूरत नगर की इस समस्या के जल्द समाधान की पुरजोर मांग की।